जशपुर

जशपुर पहुंचे 7 ट्रेनी डिप्टी कलेक्टर, सेब और नाशपाती की बागवानी देख हुए अभिभूत
26-Jun-2026 6:24 PM
जशपुर पहुंचे 7 ट्रेनी डिप्टी कलेक्टर, सेब और नाशपाती की बागवानी देख हुए अभिभूत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 26 जून। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) से नव-नियुक्त 7 डिप्टी कलेक्टरों ने 24 जून को मैदानी प्रशिक्षण के तहत जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड का दौरा किया।

छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा (रायपुर) द्वारा आयोजित इस परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा अधिकारियों को ग्रामीण विकास और जमीनी स्तर की प्रशासनिक चुनौतियों से रूबरू कराना है।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों ने मनोरा क्षेत्र में विशेष रूप से की जा रही सेब और नाशपाती के बागानों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्थानीय किसानों और उद्यानिकी विशेषज्ञों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जाना कि किस तरह जशपुर की विशिष्ट और ठंडी जलवायु का लाभ उठाकर यहाँ सफल बागवानी की जा रही है।

जशपुर प्रवास पर आए प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टरों में रविशंकर वर्मा, निधि प्रधान, नंदनी साहू, मनीष बघेल,  सौरभ दीवान,  लखेश्वर यादव और सत्येन्द्र कुमार बंजारे शामिल थे।


अन्य पोस्ट