जशपुर

रिश्वत लेते एसडीओ रंगे हाथ गिरफ्तार
18-Jun-2026 5:30 PM
रिश्वत लेते एसडीओ रंगे हाथ गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 18 जून। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने जशपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के प्रभारी एसडीओ संजय दिवाकर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने आरोपी अधिकारी को उसके मधुबन टोली स्थित आवास से उस समय दबोचा, जब वह शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार कर रहा था।

 मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत कपरोल के पूर्व उप सरपंच रीतूराम यादव ने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत की थी कि उनके कार्यकाल के दौरान वर्ष 2022-23 में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत गेबियन संरचना का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उसके मूल्यांकन और भुगतान की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी।

शिकायत में बताया गया कि निर्माण कार्य के मूल्यांकन के लिए प्रभारी एसडीओ संजय दिवाकर ने प्रारंभ में 70 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत नहीं मिलने पर करीब छह माह तक मूल्यांकन की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा गया। लगातार प्रयासों के बाद जब शिकायतकर्ता ने दोबारा संपर्क किया तो कथित तौर पर रिश्वत की मांग 50 हजार रुपये तक कर दी गई।

पूर्व उप सरपंच का आरोप है कि मूल्यांकन कराने के लिए उन्हें 50 हजार रुपये देने पड़े, जिसके बाद मूल्यांकन तो कर दिया गया, लेकिन भुगतान के लिए आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया फिर अटक गई। आरोप है कि सत्यापन और भुगतान जारी कराने के नाम पर प्रभारी एसडीओ ने दोबारा 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग शुरू कर दी।


अन्य पोस्ट