जशपुर
जशपुरनगर, 31 मई। पत्थलगांव पुलिस ने पं. जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना में कथित तौर पर गलत जानकारी देकर लाभ लेने के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शांति नगर कांसाबेल निवासी ददिबल प्रसाद विश्वकर्मा की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम जामझोर निवासी चमर साय पैकरा, जो एक शासकीय शिक्षक हैं, ने आय प्रमाण पत्र और शपथ पत्र में गलत जानकारी देकर अपनी पुत्री का प्रवेश पं. जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कराया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त वेतन संबंधी अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि उपलब्ध अभिलेखों में आरोपी की वार्षिक आय आय प्रमाण पत्र में दर्शाई गई आय से अधिक पाई गई। पुलिस ने यह भी कहा कि आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में कथित अनियमितता के संकेत मिले।
पुलिस के मुताबिक, जांच के बाद थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 55/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत विवेचना की गई। पुलिस ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 30 मई 2026 को चमर साय पैकरा (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच में निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक लखेश कुमार साहू, आरक्षक राजेन्द्र रात्रे तथा साइबर सेल की टीम शामिल रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं में कथित धोखाधड़ी, मिथ्या जानकारी या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाभ लेने के मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


