जशपुर
आम की पेटियों में छिपाकर तस्करी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 13 मई। जशपुर जिले की दोकड़ा चौकी पुलिस ने एक पिकअप से 207 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार गांजा आम की पेटियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप में कच्चे आम की पेटियों के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दोकड़ा क्षेत्र के ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की गई।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध वाहन क्रमांक यूपी-70-आरटी-6633 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद कांसाबेल और दोकड़ा पुलिस ने पीछा किया और बगिया-दोकड़ा मुख्य मार्ग पर बहाल जोर के पास वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप में रखी आम की प्लास्टिक ट्रे के नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 207 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इन पैकेटों में कुल 207 किलो गांजा था।
पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रेमनाथ सिंह ग्राम विमड़ा, थाना बगीचा, जिला जशपुर बताया। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह गांजा सुंदरगढ़ (ओडिशा) से लेकर अंबिकापुर जा रहा था, जहां से इसे आगे उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना थी। पुलिस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के कब्जे से पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये है।
पुलिस ने बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जिले में विभिन्न मामलों में 744 किलो 227 ग्राम गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप, ब्राउन शुगर और गांजा के पौधे जब्त किए गए हैं।
इस दौरान 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामले में डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


