जशपुर

सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री पहुंचे चन्दागढ़, बरगद के नीचे लगाई जनचौपाल
03-May-2026 10:34 PM
सुशासन तिहार: मुख्यमंत्री पहुंचे चन्दागढ़, बरगद के नीचे लगाई जनचौपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुर, 3 मई। सुशासन तिहार में जशपुर जिले के सुदूर चंदागढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे।  चंदागढ़वासियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पत्थलगांव विकासखंड के भैंसामुड़ा जनचौपाल स्थल में बजरंग बली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा -आज बड़ा सौभाग्य का दिन है कि सुशासन तिहार की शुरुआत कर रहे हैं जो 1 मई से 10 जून तक चलेगा। आज सरकार आप लोगों के द्वार तक पहुंची है। इस अवसर पर विधायक पत्थलगांव गोमती साय, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, जनसंपर्क आयुक्त  रजत बंसल,  कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह,  वनमंडलाधिकारी शशि कुमार और ग्रामवासी उपस्थित थे।

 मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ ग्राम पंचायत के आश्रित गांव भैसामुड़ा में बरगद के पेड़ की शीतल छांव में चौपाल लगाई।

उन्होंने कहा कि आज लखपति दीदी सुमिला कोरवा से मुलाकात हुई। उन्होंने गाड़ी भी खरीद ली। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा, मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा, बच्चों को क्रिकेट किट और यूनिफॉर्म देने की घोषणा और सीसी रोड बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा -हमारे छत्तीसगढ़ में 8 लाख लखपति दीदी बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 3 करोड़ लखपति दीदी बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 13 दिसंबर 2023 को पहले ही दिन केबिनेट की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति दी गई।

 तेंदूपत्ता तोडऩे का कार्य शुरू हुआ है कि नहीं, इसकी भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि चरण पादुका योजना भी चालू किए हैं । हमारी सरकार ने श्री रामलला दर्शन योजना की भी शुरुआत की है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की भी शुरुआत की गई जहां बुजुर्गों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। हमारे ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। जहां पंचायत भवन में आय जाति निवास प्रमाण पत्र हर प्रकार का प्रमाण पत्र मिलेगा। ऑनलाइन पैसा भी निकाल सकेंगे। सारी व्यवस्था जनता की सुविधा के लिए की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आप लोगों की समस्या सुनने आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कलावती चौहान से चर्चा करके योजनाओं की जानकारी ली । कलावती ने बताया कि हमारे गांव के सभी लोगों को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ रहा है। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों से कहा आज नेता का नहीं जनता का सुनने आया हूँ। मुख्यमंत्री ने भैंसामुड़ा निवासी लखपति दीदी श्रीमती पुष्प लता चौहान से योजनाओं की जानकारी ली। लखपति दीदी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी समूह की महिलाएं ईंट बनाने का कार्य, किराना दुकान और बीसी सखी का भी कार्य करती है जिससे उनके समूह को अच्छी आमदनी हो जाती है। लखपति दीदी ने मुख्यमंत्री को दिया धन्यवाद।

 मुख्यमंत्री ने जनचौपाल  में ग्रामवासी से उनकी मांगों और समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामवासियों से राशन नमक शक्कर मिलता है की नहीं जानकारी ली पटवारी से कोई समस्या तो नहीं है पेयजल की समस्या तो नहीं है इसकी भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन बनाने के लिए जगह का चयन करने के निर्देश। मुख्यमंत्री ने बिजली बिल समाधान शिविर के संबंध में जानकारी दी और योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।


अन्य पोस्ट