जशपुर

देवर-भाभी ने की जीजा की पिटाई, इलाज के दौरान मौत, दोनों गिरफ्तार
19-Apr-2026 8:53 PM
देवर-भाभी ने की जीजा की पिटाई, इलाज के दौरान मौत, दोनों गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 19 अप्रैल। जशपुर जिले के चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम  फरसाटोली में मारपीट कर जीजा की हत्या का मामला सामने आया है। जन्मदिन मनाने के बाद मृतक की पत्नी केक पहुंचाने मायके गई थी, मृतक नशे की हालत ससुराल पहुंच गया और विवाद के दौरान मारपीट करने लगा, मारपीट के दौरान जीजी घायल हो गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी देवर-भाभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 पुलिस के अनुसार घटना इस प्रकार है कि मृतक मुरली राम यादव का विवाह अपने ही गांव फरसा टोली में  सोनिया यादव के साथ हुआ था, उनका एक बेटा भी है। 30 मार्च को अपने बेटे के जन्मदिन के अवसर पर मृतक के घर में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया था, जन्मदिन मनाने के बाद शाम को मृतक की पत्नी अपने बेटे के साथ जन्मदिन की मिठाई पहुंचाने, फरसा टोली गांव में ही अपने मायके में अपने भाइयों के यहां गई हुई थी, इसी दौरान रात्रि करीबन 11 बजे मृतक मुरली राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके घर में गया व वहां अपने छोटे साले आरोपी शिवकुमार यादव व बड़े साले की पत्नी आरोपिया मिथिला यादव के साथ वाद विवाद करने लगा।

 मृतक व उसकी पत्नी का प्रेम विवाह हुआ था, जिस कारण मृतक तथा उसके ससुराल पक्ष के मध्य विवाद होते रहता था, घटना दिनांक को उसी पुरानी रंजिश को लेकर, मृतक के छोटे साले शिव कुमार व बड़े साले की पत्नी  मिथिला यादव के द्वारा वाद विवाद करते हुए, मृतक मुरली राम यादव को जमीन में पटककर लात मुक्के से उसके सीने व पेट में चढक़र वार किया गया।  इसी दौरान आरोपिया मिथिला यादव के द्वारा  भी डंडे से  मृतक मुरली राम यादव के साथ मार पीट की गई थी, मृतक की पत्नी के द्वारा बीच बचाव करने के बाद आरोपियों ने मृतक मुरली राम यादव को छोड़ा था, घटना के बाद रात्रि करीबन 12 बजे मृतक मुरली राम यादव वापस अपने घर लौट गया था, दूसरे दिन मृतक की तबियत ज्यादा खराब होने से  उसकी पत्नी के द्वारा मुरली राम यादव को ईलाज हेतु कोतबा लेकर आया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद, आगे के ईलाज हेतु रेफर करने पर  मुरली राम यादव को ओडिशा राज्य के सुंदरगढ़ के मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया था, जहां ईलाज के दौरान 4 अप्रैल को मुरली राम यादव की मृत्यु हो गई।

प्रकरण में सुंदरगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस के द्वारा शव के पंचनामा के पश्चात् बिना नंबरी अपराध पंजीबद्ध कर मामला चौकी कोतबा थाना बागबहार छ ग क्षेत्रांतर्गत होने से अग्रिम विवेचना हेतु चौकी कोतबा भेजा गया, जिस पर चौकी कोतबा थाना बागबहार में धारा 103(1),3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।

  पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण सीने में आई चोट के कारण हत्यात्मक होना पाए जाने पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मामले के दोनों आरोपियों क्रमश: शिव कुमार यादव व मिथिला यादव को हिरासत में लिया गया।  पुलिस की पूछताछ पर दोनों आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


अन्य पोस्ट