जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 18 अप्रैल। थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम हल्दी झरिया (बढ़ई पारा) में घरेलू विवाद के दौरान पिता की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को सूचना मिली कि सदानंद नाग की उनके पुत्र द्वारा लकड़ी के टुकड़े से मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पंचनामा किया गया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि आरोपी विजय नाग, मृतक की पहली पत्नी का पुत्र है। 16 अप्रैल की शाम करीब 4.30 बजे किसी घरेलू बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने लकड़ी के टुकड़े से सिर और माथे पर वार किया, जिससे सदानंद नाग की मृत्यु हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर आई चोट को मृत्यु का कारण बताया गया है।
मामले में मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना को स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का टुकड़ा भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को 18 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।


