जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 15 अप्रैल। जशपुर जिले के मनोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल देखने को मिली, जहां निक्षय मित्र भारत रत्नम खूंटे द्वारा टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण और उपचार में सहयोग प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान भारत मेडिकल स्टोर, गम्हरिया के संचालक भारत रत्नम खूंटे ने मरीजों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए संकल्प लिया कि वे हर वर्ष जिले के एक हजार टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराएंगे। उनकी इस पहल को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर जिला क्षय उन्मूलन खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन बरियार, सीनियर लैब सुपरवाइजर मति अर्चना सिन्हा, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर रूपा गुप्ता, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर ऋषि कुमार एवं मनोरा अस्पताल स्टॉफ तथा कार्यक्रम एनटीईपी स्टॉफ विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने इस तरह की पहल को टीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. रोशन बरियार,ने कहा कि टीबी मरीजों के लिए पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक होता है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और उपचार की गति तेज होती है। निक्षय मित्र योजना के माध्यम से समाज के सक्षम लोग मरीजों को गोद लेकर उनकी सहायता कर सकते हैं, जो एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में एनटीईपी के सभी कर्मचारी भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया। फूड बास्केट प्राप्त करने वाले मरीजों ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह पहल न केवल मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जागरूकता की भावना को भी मजबूत करेगी।


