जशपुर

निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, 6 गिरफ्तार
14-Apr-2026 6:20 PM
निवेश के नाम पर लाखों की ठगी, 6 गिरफ्तार

मुख्य आरोपी रिमांड पर, पूछताछ जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 14 अप्रैल। जशपुर जिले में ग्रामीणों को कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। हेडजेक्स फंड नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए लाखों रुपए की ठगी करने वाले 6 आरोपियों को जशपुर पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है।  एक मुख्य आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से एक लग्जरी टोयोटा टायजर कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल को उर्मिला बाई ग्राम कापू टोली, थाना सन्ना ने थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान कुछ लोगों से हुई, जिन्होंने हेडजेक्स फंड नामक नेटवर्क कंपनी में निवेश करने पर तीन माह में राशि दोगुनी होने का आश्वासन दिया था।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी और अन्य ग्रामीणों को निवेश के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रार्थी ने विभिन्न तिथियों में कुल 1 लाख 70 हजार रुपये नगद और ऑनलाइन माध्यम से दिए, जबकि उनकी मां द्वारा भी 40 हजार रुपये देने की बात कही गई है।

आरोप है कि निवेश के बाद संबंधित आईडी और पासवर्ड दिए गए, जिनमें राशि प्रदर्शित होती थी, लेकिन बाद में सिस्टम बंद हो गया। इसके बाद पैसे वापस मांगने पर टालमटोल किया गया।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान छह आरोपियों शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह सभी निवासी जशपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से टोयोटा टायजर कार क्रमांक जेएच - 01 एफयू -9460 को भी जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य संभावित पीडि़तों और रकम के संबंध में जांच जारी है।

 


अन्य पोस्ट