जशपुर

अवैध खुदाई, जेसीबी मशीन जब्त वन अपराध प्रकरण दर्ज
18-Mar-2026 7:47 PM
अवैध खुदाई, जेसीबी मशीन जब्त वन अपराध प्रकरण दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 18 मार्च। वनमंडल जशपुर द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, कटाई और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्राम सरबकोम्बो के पास अवैध उत्खनन की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य रुकवाया और एक जेसीबी मशीन जब्त की।

वन विभाग के अनुसार 17 मार्च को वन परिक्षेत्र बगीचा अंतर्गत बगीचा-चराईडांड मार्ग स्थित मुसघुटरी वनखंड के कक्ष क्रमांक 1373 में जेसीबी मशीन से उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम का नेतृत्व यशस्वी मौर्य ने किया।

जांच के दौरान मौके पर मौजूद चालक ओम प्रकाश दुबे से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह विजय प्रजापति के निर्देश पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई कर रहा था।

वन विभाग के अनुसार स्थल पर लगभग 67 मीटर लंबाई, 1.70 मीटर गहराई और 2 मीटर चौड़ाई में खुदाई की गई थी। जांच में जेसीबी मशीन का स्वामित्व विकास जायसवाल के नाम पर पाया गया।

वन विभाग ने मशीन को जब्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रखा है। साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने निर्देश दिए हैं कि वनभूमि में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।


अन्य पोस्ट