जशपुर

मॉडिफाई बोलेरो से 9 लाख का गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
02-Mar-2026 9:04 PM
मॉडिफाई बोलेरो से 9 लाख का गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 2 मार्च।
जशपुर पुलिस ने होली पर्व से पहले नशे के कारोबार पर कार्रवाई की है। थाना कुनकुरी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक मॉडिफाइड नई बोलेरो से 18.4 किलो गांजा बरामद किया। इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपए है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त बोलेरो की कीमत लगभग 14 लाख रुपए बताई गई है।
 पुलिस के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह को पिछले दिनों मुखबिर से गुप्त सूचना मिला कि ओडि़सा की ओर गांजा की एक बड़ी खेप मध्यप्रदेश पासिंग बोलेरो में जशपुर जिले से होकर सिंगरौली जाने वाली है, इस सूचना पर थाना कुनकुरी को स्टॉफ लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को कड़ी चेकिंग करने के निर्देश दिये थे।

बीती रात्रि में चेकिंग के दौरान मुखबीर के बतायेनुसार उक्त वाहन क्र. एम.पी. 66 जेड.एच. 6806 कुनकुरी क्षेत्र में आया, जिसमें चालक रामेष्वर यादव के अलावा अन्य 02 व्यक्ति गोलारमन एवं शिवराम व्यक्ति वाहन के अंदर बैठे थे, उनसे उनका नाम, पता एवं आने-जाने संबंधी पूछकर गांजा रखने के संबंध में पूछताछ कर उन्हें वाहन उनके वाहन की बारीकी से तलाषी ली गई, तलाशी के दौरान वाहन के नीचे मॉडिफाइड कर बनाये गुप्त चेंबर को खोलकर देखने पर उसमें 18.4 किलो गांजा कीमती 09 लाख रू. का मिलने पर उक्त गांजा को जप्त कर उक्त तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया।
 पूछताछ में उनके द्वारा उक्त गांजा को ओडि़सा में मौजूद रिष्तेदार (साला) उन्हें दिया था, जिसे वे उक्त बोलेरो में छिपाकर सिंगरौली विक्रय करने हेतु ले जा रहे थे। आरोपियों का कृत्य धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध घटित करना पाये जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस द्वारा गांजा उपलब्ध कराने वाले रिष्तेदार को भी आरोपी बनाया गया है एवं गिरफ्तारी हेतु टीम रवाना किया गया है।        

  मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि - पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन से 18.4 किलो ग्राम अवैध मादक प्रदार्थ गांजा के साथ 3 आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
 इसी के साथ सिटी कोतवाली जशपुर ने भी 2 आरोपियों से 24.840 किलो गांजा कीमती 12.42 लाख जब्त किया गया है, नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्यवाही निरंतर जारी है, नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट