जशपुर

होली से पहले जशपुर के किसानों के खातों में 245 करोड़
01-Mar-2026 9:08 PM
होली से पहले जशपुर के किसानों के खातों में 245 करोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 1 मार्च।
राज्य शासन द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत आज प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक पंजीकृत धान एवं धान बीज उत्पादक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की आदान सहायता राशि सीधे अंतरित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के खातों में यह राशि होली पर्व से पूर्व अंतरित कर उन्हें आर्थिक सशक्तता की सौगात दी गई है।
इसके तहत जिले के 41 हजार से अधिक किसानों को 245 करोड़ रुपए से अधिक राशि प्रदान किया गया। राज्य सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की प्रतिबद्धता निभाई जा रही है। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त अंतर की राशि को समायोजित करते हुए यह सहायता प्रदान की गई, जिससे किसानों को वास्तविक रूप से 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ सुनिश्चित हो सके।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। वहीं जशपुर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्टर कार्यालय के मंत्रणा सभाकक्ष में सम्पन्न हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद किसानों को आदान सहायता राशि का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। होली त्यौहार के पहले किसानों को धान की राशि मिलने से किसान काफी उत्साहित और खुश नजर आए। साथ ही सरकार की किसान हितैषी सोच और कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
इस अवसर पर मंत्रणा कक्ष में जिला पंचायत उपाध्यक्ष  शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत जशपुर अध्यक्ष गंगाराम भगत, जनप्रतिनिधि नरेश नंदे एवं विजय प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
इसी तरह जनपद पंचायत मनोरा के सभा कक्ष में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मौजूद किसानों को आदान सहायता राशि का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। होली त्यौहार के पहले किसानों को धान की राशि मिलने से किसान काफी उत्साहित और खुश नजर आए। साथ ही सरकार की किसान हितैषी सोच और कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। इस अवसर पर सभा कक्ष में डीडीसी शांति भगत, बीडीसी रंजीत भगत, सोनक्यारी मंडल अध्यक्ष प्रभाकर यादव, आस्ता मंडल अध्यक्ष पंकज जायसवाल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी गोविंद राम चौहान, तहसीलदार नीतू भगत, बीडीसी शोषण टोप्पो, सरोज प्रधान सभापति कृषि स्थाई समिति मनोरा,समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।
किसान सम्मान और समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के माध्यम से 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की गई है, ताकि किसान होली का पर्व आर्थिक चिंता से मुक्त होकर मना सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को धान की बेहतर कीमत देने के साथ-साथ किसान क्रेडिट कार्ड, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद पर सब्सिडी तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसे उपायों के माध्यम से कृषि को मजबूत बना रही है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए इस वर्ष बजट में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों को बेहतर सिंचाई, संसाधन और उत्पादन के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता को मजबूत करने, पशुपालन को बढ़ावा देने तथा प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए ई-ऑफिस जैसी व्यवस्थाएँ लागू की जा रही हैं। राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट