जशपुर

नाबालिग से छेड़छाड़-रेप, मुख्य आरोपी समेत 9 हिरासत में
21-Feb-2026 7:19 PM
नाबालिग से छेड़छाड़-रेप, मुख्य आरोपी समेत 9 हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 21 फरवरी।
जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका से रेप और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में एक 17 वर्षीय नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को प्रार्थी ने थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी भतीजी और नाबालिग बेटी 17 फरवरी को रिश्तेदारी से अपने गांव लौट रही थीं। रास्ते में कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ की गई।  जिससे भयभीत होकर प्रार्थी की भतीजी भाग कर घर आ गई, व प्रार्थी को घटना के संबंध में बताई। जिस पर प्रार्थी  अपनी भतीजी को लेकर घटना स्थल पर गया। प्रार्थी द्वारा अपनी लडक़ी को आवाज देने व प्रार्थी व उसकी भतीजी को आता देख, आरोपी घटना स्थल से भाग गए, तत्पश्चात प्रार्थी के द्वारा घटना स्थल से अपनी नाबालिग बेटी को लेकर घर लाया गया।
 उक्त घटना के दो दिन बाद नाबालिग बालिका ने परिजनों को बताया कि एक आरोपी उसे कुछ दूरी पर ले गया और उसके साथ जबरन रेप किया, जबकि अन्य आरोपी आसपास मौजूद थे।
 शिकायत में यह भी उल्लेख है कि जब  गांव वालों को उक्त घटना के संबंध में पता चला, तब आरोपियों के द्वारा प्रार्थी को पैसा देकर, मामले को दबाने की बात कहते हुए, थाना नहीं जाने व जान से मारने की भी धमकी दी गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा (23 वर्ष), सहयोगी आरोपियों में समीर मिंज (28 वर्ष), तेलेस्फोर मिंज (40 वर्ष), आनंद मिंज (38 वर्ष), रितेश कुमार टोप्पो (29 वर्ष), सुनीत तिर्की (30 वर्ष), अविनाश तिर्की (25 वर्ष) और सत्या मिंज (24 वर्ष) सहित कुल 9 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इसमें एक 17 वर्षीय बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे मामलों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


अन्य पोस्ट