जशपुर

कलेक्टोरट अफसर बनकर नौकरी का झांसा, 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
18-Feb-2026 8:56 PM
 कलेक्टोरट अफसर बनकर नौकरी का झांसा, 4.35 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 18 फरवरी। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने खुद को कलेक्ट्रेट का अधिकारी बताकर दो युवकों से  4 लाख 35 हजार रुपये ठगने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी को रोहित खाखा (23 वर्ष), निवासी ग्राम इचकेला, ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी प्रदीप पंडा ने उसकी मां से परिचय बढ़ाकर खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताया और सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।

आरोप है कि जनवरी 2026 में पहले 50 हजार रुपये लिए गए। बाद में जॉइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपये और मांगे गए। शिकायतकर्ता की मां ने जमीन गिरवी रखकर यह रकम दी। इसके बाद आरोपी ने एक अन्य पद खाली होने का झांसा देकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत के परिवार से भी 2 लाख 35 हजार रुपये ले लिए। नौकरी संबंधी कोई प्रगति न होने और आरोपी द्वारा टालमटोल करने पर पीडि़तों को ठगी का संदेह हुआ और पुलिस में शिकायत की गई।

मामला दर्ज, होटल से गिरफ्तारी

शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (ठगी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ठगी की राशि से उधारी चुकाने, फर्नीचर और कंप्यूटर खरीदने तथा अन्य खर्च करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

 सामान जब्त

पुलिस ने भट्टी रोड स्थित आरोपी के कथित कार्यालय से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर सहित अन्य सामान जब्त किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन बड़ी राशि न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।


अन्य पोस्ट