जशपुर

हाइवा और यात्री बस की टक्कर, 20 जख्मी
13-Feb-2026 4:16 PM
हाइवा और यात्री बस की  टक्कर, 20 जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 13 फरवरी। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के रौनी घाटी पर गुरुवार की दोपहर 3 बजे एक यात्री बस और हाइवा की हुई आमने-सामने टक्कर में 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। सभी यात्रियों को बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शमीम ट्रांसपोर्ट की बस गुरुवार को दोपहर करीब 2.30 बजे रोजाना की तरह बगीचा से कुसमी जाने के लिए निकली थी। बगीचा बस स्टैंड से ही बस में करीब 50 यात्री थे। रौनीघाट में काफी ज्यादा मोड़ है। बस लंबी होने की वजह से बस चालक को हर मोड़ पर बस को सडक़ के रांग साइड में ले जाना पड़ रहा था। एक मोड़ पर मुडऩे के लिए जब बस सडक़ के दाहिने साइड की ओर आई तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार एजाक्स हाइवा से बस की जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

बस में सवार यात्रियों के अनुसार उन्हें बहुत जोर से झटका लगा। सीट पर बैठे लोग अपने आगे की सीट पर टकराए। कुछ यात्री तो झटके से सीट से नीचे गिर गए थे। इस टक्कर में बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। बस की केबिन में भी यात्री सवार थे। इन्हें ही ज्यादा चोट लगी है। हादसे के बाद सडक़ से गुजर रहे अन्य वाहन व एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को बगीचा के सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स और स्टाफ नर्सों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।


अन्य पोस्ट