जशपुर

जशपुर पुलिस ने साल भर की बताईं उपलब्धियां
04-Jan-2026 9:34 PM
जशपुर पुलिस ने साल भर की बताईं उपलब्धियां

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 4 जनवरी।
जशपुर पुलिस ने वर्ष 2025 के दौरान दर्ज मामलों, गिरफ्तारियों और विभिन्न अभियानों से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में कुल ‘2097 प्रथम सूचना पत्र (एफआईआर)’ दर्ज किए गए, जिनमें से ‘1931 प्रकरणों का निराकरण’ किया गया। वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व के 289 लंबित प्रकरणों में से 231 का निराकरण किया गया, जबकि 58 प्रकरण लंबित हैं। इस प्रकार कुल 2386 प्रकरणों में से 2162 का निराकरण किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।
गंभीर अपराधों से संबंधित आंकड़े
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में हत्या के 58 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 66 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि इनमें से अधिकांश मामलों में विवेचना पूर्ण की जा चुकी है।
हत्या, बलात्कार, अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में न्यायालय द्वारा विभिन्न प्रकरणों में आजीवन कारावास, 7 वर्ष से अधिक तथा 2 वर्ष से अधिक की सजा सुनाए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।
 अवैध शराब, मादक पदार्थ
और तस्करी के मामले
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन आघात के तहत वर्ष 2025 में ‘266 प्रकरणों’ में शराब और मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसमें अंतरराज्यीय शराब तस्करी के कुछ मामलों का भी उल्लेख किया गया है।
इसी तरह ‘एनडीपीएस एक्ट’ के तहत दर्ज प्रकरणों में गांजा, कफ सिरप, डोडा चूरा और अन्य पदार्थों की जब्ती तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।
ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत गौ-तस्करी से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियों, गौवंश एवं वाहनों की जब्ती का विवरण भी पुलिस ने साझा किया है।
 लापता बच्चे, फरार आरोपी और साइबर अपराध
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश कर अधिकांश बच्चों को परिजनों से मिलाया गया।
ऑपरेशन अंकुश के अंतर्गत लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
साइबर अपराध से जुड़े मामलों में म्यूल अकाउंट और ऑनलाइन ठगी के प्रकरणों में कार्रवाई किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।
 विशेष प्रकरणों का उल्लेख
पुलिस ने वर्ष 2025 में घटित कुछ चर्चित मामलों—जैसे लूट, हत्या, ठगी, मानव तस्करी और अंतरराज्यीय अपराध—के खुलासे और गिरफ्तारियों की जानकारी दी है। इन मामलों में आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रकरणों में विवेचना विधि अनुसार की गई है।
 सडक़ दुर्घटनाएं और यातायात कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में 458 सडक़ दुर्घटनाओं के मामले दर्ज हुए, जिनमें मृतकों और घायलों की संख्या बताई गई है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और कार्रवाई की संख्या में वृद्धि होने की जानकारी भी पुलिस ने साझा की है।
 वर्ष 2026 की कार्ययोजना
जशपुर पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में  सडक़ दुर्घटनाओं में कमी, यातायात जागरूकता, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा,  साइबर अपराध रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार जनसहयोग से कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी रहेंगे।


अन्य पोस्ट