जशपुर
पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 दिसंबर। जशपुर जिले में एक ट्रक चालक ने 13 लाख रुपये की लूट की शिकायत दर्ज कराई है। चालक के अनुसार, वह रांची से माल खाली कर आलू लोड करके लौट रहा था। बालाछापर के पास लघु शंका हेतु वाहन रोकने पर चार व्यक्तियों ने उस पर हमला कर रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न कोणों से घटना की पुष्टि के प्रयास कर रही है।
घटना मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे की बताई गई है। ट्रक (क्रमांक सीजी14-एमटी-6190) के चालक ने बताया कि उसके पास रांची से संबंधित 13 लाख रुपये थे।
चालक के अनुसार, ट्रक रोकने पर एक चारपहिया वाहन से चार लोग उतरे, जिन्होंने उसके हाथ-पांव बांधे, गिराया और डंडे व पत्थर से चोट पहुंचाई। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपियों ने रुपये और मोबाइल फोन ले लिए। बाद में मोबाइल डोडकचौरा ढाबा के पास मिला।
पुलिस ने चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।
पुलिस के अनुसार, चालक के कथन में कुछ बिंदु स्पष्ट नहीं हैं, जैसे— चालक ने हाथ-पांव बांधे जाने की बात कही, पर परीक्षण में बांधने के निशान नहीं मिले। उसने बताया कि डंडे और पत्थर से प्रहार किया गया, पर परीक्षण में चोट के संकेत नहीं मिले। कथित रूप से जमीन पर गिराए जाने के बावजूद कपड़ों पर ओस या घास जैसे चिन्ह नहीं पाए गए। हाथ बांधने की दिशा को लेकर भी बयान में भिन्नता है।
पुलिस इन बिंदुओं को भी जांच का हिस्सा मान रही है।सायबर टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। कुछ टीमें झारखंड की ओर रवाना की गई हैं, क्योंकि ट्रक रांची से आ रहा था और घटना मार्ग से जुड़ा क्षेत्र सीमा के निकट है।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि शिकायत के अनुसार पुलिस सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि घटना हुई है, तो आरोपियों को पकडऩे का प्रयास किया जाएगा।


