जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 20 नवंबर। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम कोनकेल, चराईखारा में तंबाकू मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने साथी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक अशोक राम के चाचा विद्याधर राम ने 19 नवंबर को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक 18 नवंबर की शाम लगभग 6 बजे आरोपी संदीप एक्का और अशोक राम गांव के एक व्यक्ति के घर के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने अशोक राम से तंबाकू मांगी।
रिपोर्ट के अनुसार तंबाकू न देने की बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद अशोक अपने घर की ओर गया और आरोपी भी उसके पीछे गया। शिकायत के मुताबिक अशोक के घर पहुंचकर आरोपी ने हाथ-मुक्का से मारपीट की तथा उसे जमीन पर गिराया और सीने पर पैर से प्रहार किया।
ग्रामवासियों ने घटना की सूचना सरपंच को दी। सरपंच के घर पहुंचने पर अशोक राम दर्द की शिकायत कर रहा था और उसने मारपीट की जानकारी दी। अगली सुबह उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 332(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में मृत्यु का कारण शरीर पर आई चोटों को बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में शामिल होने की बात कही गई। पर्याप्त सामग्री मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि नारायणपुर क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच तंबाकू मांगने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।


