जशपुर

जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को किया नमन
16-Nov-2024 6:10 PM
जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा को किया नमन

मुंडा समाज के भवन के लिए 11 लाख की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जशपुरनगर, 16 नवंबर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिवस जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। शुक्रवार को उनके 150 वां जन्म जयंती वर्ष के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के जिला जमुई से भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में 150 का स्मारक सिक्का और विशेष स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने 6600 करोड़ रुपए की लागत के विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर जशपुर के बिरसा मुंडा चौक में भी जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद राधेश्याम राठिया और विधायक रायमुनी भगत शामिल हुई।

सांसद श्री राठिया ने बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि आज हम सबके लिए गौरव का दिन है। देश के प्रधानमंत्री आदिवासी समाज के महानवीरों को पूरा सम्मान देने का काम कर रहें है। इस अवसर पर उन्होंने भारत मुंडा समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेश्वर इंदवार की मांग पर मुंडा समाज भवन के निर्माण के लिए सांसद मद से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।

 विधायक रायमुनी भगत ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनजातीय क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना से विशेष पिछड़ी जनजाति समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, साथ ही पहुँचविहीन गांवों में सडक़ें बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन में प्रकाश डालते हुए उनके आजादी में किए गए बलिदान के बारे में विस्तार से बताया।

बिरसा मुंडा चौक में आयोजित कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं के द्वारा आकर्षक नृत्य और महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत  नुक्कड़ नाटक ने लोगों का मन मोह लिया।

इस नुक्कड़ नाटक में विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय के जीवन से जुड़े संघर्षों को दिखाया गया। इसके अतिरिक्त छात्राओं द्वारा स्थानीय भाषा के गीतों में सामूहिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम राम, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, पार्षदगण नीतू गुप्ता, तन्नु  वर्मा, फैजान खान, लालदेव राम, अंजला खेस, सतीश वर्मा और शैलेंद्री यादव के अलावा रामप्रताप सिंह, कृष्ण कुमार राय, जागेश्वर भगत, ओमप्रकाश साय, रजनी प्रधान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त संजय सिंह, संतोष सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में लोग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट