जशपुर
पारम्पारिक संस्कृति से मंडाविया-साय का भव्य स्वागत, बच्चों ने मलखंभ से दिखाए हुनर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 14 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में माटी के वीर पदयात्रा का भव्य आयोजन हुआ। बुधवार को केंद्रीय श्रम और रोजगार एवं युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुभारंभ स्थल पुरना नगर में वीर पदयात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान जशपुरवासियों ने पारम्पारिक संस्कृति से सभी अतिथियों का भव्य रूप से स्वागत किया।
इस दौरान माटी के वीर पदयात्रा कार्यक्रम के शुभारंभ स्थल पुरना नगर मैदान में लगाए गए जनजातीय नायकों के जीवन गाथा, जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित उपस्थित सभी मंत्रियों ने स्टॉल का अवलोकन किया।
माटी के वीर पदयात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में धरती के आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्त पर आधारित वीडियो फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही बच्चों ने मलखंभ के माध्यम से अपने हुनर दिखाए। कार्यक्रम में खेलकूद सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले जनजातीय युवाओं तथा माई भारत से जुड़े वॉलेंटियर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री पर ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सासंद चिंतामणि महाराज, सरगुजा प्राधिकारण की उपाध्यक्ष एवं विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, रामप्रताप सिंह, कृष्ण कुमार राय, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, राजा पाण्डेय, संभागायुक्त गोविन्दराम चुरेन्द्र, पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित स्थानीय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।






