जशपुर

पिता के अधूरे सपने को बेटा ने किया साकार
22-Aug-2022 8:43 PM
पिता के अधूरे सपने को बेटा ने किया साकार

हॉकी खिलाडिय़ों के लिए सुसज्जित एस्ट्रोटर्फ मैदान

जशपुरनगर, 22 अगस्त। पिता स्व. रामदेव भगत का सपना था कि जशपुर जिले में हॉकी खिलाडिय़ों के लिए सुसज्जित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम हो और जशपुर के प्रतिभावान खिलाड़ी खेल कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जशपुर जिले का नाम रौशन कर स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा सकें। आज पिता के सपने को बेटा विधायक विनय कुमार भगत ने साकार किया। विधायक ने भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल का दिल से आभार व्यक्त किया।
 
विधायक के पिता ने लिखा था पत्र
विधायक विनय भगत ने एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित 22वीं राज्य स्तरीय शालेय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में सरगुजा जोन जशपुर और बस्तर बालिका ग्रुप के प्रारंभिक मैच के दौरान कहा कि उनके पिता स्व. रामदेव भगत ने 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी जी को पत्र लिखकर जशपुर में एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बनाने की मांग की थी। मांग स्वीकार करते हुए स्व. जोगी ने जशपुर में एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बनाने की घोषणा भी कर दी थी, किन्तु वर्ष 2003 के बाद सत्ता परिवर्तन होने से 2004 से नवम्बर 2018 तक कभी भी  बीजेपी की सरकार ने हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम निर्माण की ओर ध्यान नहीं दिया।

पुन: नवम्बर 2018 के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के  बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खेल मंत्री उमेश पटेल से मिलकर जशपुर में एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बनाए जाने का बार-बार आग्रह किया गया था। जिसके परिपालन में भूपेश बघेल ने 2003 में घोषित हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को जल्द बनाने की घोषणा की, जिसका सुखद परिणाम आज हमारे सामने राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। जिसमें बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल का प्रदर्शन कर  देश और दुनिया में जशपुर जिले का नाम रौशन कर सकेंगे।

जशपुर की बालिका बस्तर को 4 गोल से हराया
22वीं राज्य शालेय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता 2022 जशपुर लीग मैच मे संभाग जोन जशपुर की बालिका ग्रुप ने बस्तर बालिका ग्रुप को चार गोल से हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाया, मैच का भरपूर आनन्द उठाते हुए विधायक विनय भगत ने बालिका खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट खेल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

प्रतियोगिता के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी  जेके प्रसाद,अनुविभागीय अधिकारी बालेश्वर भगत, ब्लॉक अध्यक्ष जशपुर शहर सूरज चौरसिया, जनपद सदस्य अमित महतो, मंगल पाण्डेय,अंशुल गुप्ता, रमीज खान, सतीश गुप्ता, निखिल रवानी, साजिद इमाम, माजिद इमाम, विशेष रूप से उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट