जशपुर
अंडमान और मुंबई भागे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 4 जुलाई। बगीचा पुलिस ने 2 साल पहले पेड़ काटने को लेकर उपजे विवाद के बाद हुए हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अंडमान एवं मुंबई की ओर भाग गए थे। पुलिस ने आरोपियों से घटना में उपयोग लाई बाइक को जब्त कर लिया है।
नशे में आरोपियों ने खेत में लगे साल पेड़ काटने एवं खंभे उखाडऩे की बात को लेकर 32 वर्षीय युवक की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। थाना बगीचा में आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया गया था। हत्या के बाद आरोपी अजय यादव व रॉबर्ट कुजूर पिछले 2 से फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार अशोक मिंज द्वारा अपने खेत में लगे सराई पेड़ को राबर्ट कुजूर द्वारा काटने की बात को लेकर झगड़ा हो गया और उनके मध्य मारपीट होने लगा। अशोक मिंज के घर के पास शासकीय भूमि में अजय यादव घर बनाने के लिए खंभा गाड़ा था, उसे अशोक मिंज उखाड़ कर फेंक दिया था, इसी गुस्सा पर से वे दोनों मिलकर अशोक मिंज को मारने पीटने लगे। राबर्ट कुजूर ने पुलिया के पास पड़ा एक लकड़ी का डंडा को उठाकर अशोक मिंज के सिर के पीछे वार किया तो अशोक मिंज वहीं गिर गया और मौत हो गई।
शव को खेत में फेंककर फरार हो गए थे
अशोक मिंज के शव को दोनों आरोपी मोटर सायकल पर रखकर कुछ दूरी पर स्थित एक खेत के पेड़ के पास फेंकना बताए। आरोपियों के विरूद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज होने एवं गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अजय यादव अण्डमान एवं रॉबर्ट कुजूर मुंबई भागना बताए।
आरोपी रॉबर्ट कुजूर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है।


