अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान: सरगोधा में कथित ईशनिंदा को लेकर विरोध-प्रदर्शन, पथराव में 10 से ज़्यादा पुलिसकर्मी घायल
26-May-2024 9:31 AM
पाकिस्तान: सरगोधा में कथित ईशनिंदा को लेकर विरोध-प्रदर्शन, पथराव में 10 से ज़्यादा पुलिसकर्मी घायल

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा में कथित ईशनिंदा को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुए हैं.

प्रदर्शनकारियों की ओर से किए गए पथराव में 10 से ज़्यादा पुलिस वाले घायल हुए हैं.

पंजाब प्रांत के आईजी ने बयान जारी कर कहा, ''एसपी सरगोधा शारिक कमाल और डीपीओ सरगोधा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले पर नज़र बनाई हुई है.''

''ये सब अधिकारी मौके़ पर पहुंचे और इन्होंने 10 कीमती जिंदगियां बचाई. स्थिति को भी नियंत्रित कर लिया गया. प्रदर्शनकारियों के पथराव से 10 से अधिक पुलिस अधिकारी और युवा भी घायल हुए हैं.''

उन्होंने कहा, ''सरगोधा पुलिस ने लोगों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली. पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई की बदौलत सरगोधा में बड़ा हादसा टल गया.''

''सरगोधा में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है. पुलिस के साथ जिला शांति समिति के सदस्यों और ईसाई समुदाय के लोगों ने सद्भाव और शांति का माहौल बहाल करने में प्रभावी भूमिका निभाई.''

डीपीओ सरगोधा एजाज़ मल्ही ने कहा है कि सरगोधा पुलिस के दो हज़ार से अधिक जवान ड्यूटी पर हैं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट