गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 21 नवंबर। थाना देवभोग और थाना अमलीपदर द्वारा 15 दिनों में चलाए गए अभियान के दौरान 12 मामलों में 652 कट्टा धान बिना आवश्यक दस्तावेजों के परिवहन या बिक्री करते हुए पाए गए। आगे की कार्रवाई हेतु धान को विभाग को सौंपा गया।
छत्तीसगढ़ शासन के प्रावधानों के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीद केवल पंजीकृत किसानों से निर्धारित धान खरीदी केंद्रों में की जाती है। इसी व्यवस्था के तहत चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस दल द्वारा धान के परिवहन की निगरानी की जा रही है।
21 नवंबर को थाना देवभोग को सूचना मिली कि ओडिशा राज्य से धान को बिक्री के लिए परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 23 एल 2164 से 68 कट्टा धान मिलने पर उसे पुलिस ने जब्त किया।
इसी अवधि में, थाना देवभोग और थाना अमलीपदर द्वारा पिछले 15 दिनों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 12 मामलों में 652 कट्टा धान बिना आवश्यक दस्तावेजों के परिवहन या बिक्री करते हुए पाए गए। वैध कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर संबंधित प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए धान को विभाग के सुपुर्द किया गया है।


