गरियाबंद

गायत्री महायज्ञ में सपत्नीक शामिल हुए सीएम साय
06-Jan-2025 2:23 PM
गायत्री महायज्ञ में सपत्नीक शामिल हुए सीएम साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 6 जनवरी।
राष्ट्रजागरण 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के तीसरे दिन शीत लहर होने के बावजूद गरियाबंद के गांधी मैदान में सुबह से ही हजारों लोगों ने महायज्ञ में भाग लेकर धर्मलाभ लिया। विशाल वेदीय दीप महायज्ञ में सायं कालीन कार्यक्रम के दौरान प्रज्वलित 11000 दीपकों से गरियाबंद का गांधी मैदान में दीपावली का वातावरण नजर आया। भगवान राम के अयोध्या लौटने पर जो माहौल था, ठीक वैसे ही गरियाबंद की नगरी अयोध्या धाम से कम नहीं लग रही थी।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या हरिद्वार से गरियाबंद पहुंचे। 
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पत्नी कौशल्या देवी साय, जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल भी धर्म मंच पर शाम 4 बजे विराजमान हुए। डॉ. चिन्मय पण्ड्या और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गायत्री मंत्र के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उसके बाद डॉ. पण्डया जी ने मंच पर आसीन सभी अतिथियों का स्वागत वंदन अभिनंदन किया। और अपने संदेशों से आत्मजागृति की प्रेरणाएँ दीं। 

डॉ. चिन्मय पाण्ड्या जी ने कहा कि यह दीप यज्ञ का पर्व ‘अप्प दीपो भव:’ (हम अपना दीपक स्वयं बनें) सूत्र की याद दिलाता है। हमारे अंदर जो दीप है, वही हमारा भगवान है। उसी को जलाने से व्यक्ति महानता की ओर अग्रसर होता है। इस दीप यज्ञ की प्रेरणा से हमारे भीतर के दीपक की ज्योति निरंतर प्रखर होनी चाहिए। गायत्री परिवार इंसान के अंदर देवत्व की भावना को जगाने वाला परिवार है।

हमारे जीवन में आने वाली समस्याओं का कारण हमारे कर्म हैं और कर्म का फल मनुष्य को भुगतना ही पड़ता है। यज्ञ हमें श्रेष्ठ कर्म की ओर प्रेरित करता है। यज्ञ और दीपयज्ञ संचित कर्मफल को काटने का विधान हैं। जिस तरह आत्मा को न काट पाना संभव है न बांट पाना संभव है। नशा से भारत के भविष्य को सुधारने की बात कही ।

सीएम ने कहा कि धर्म जागरण का कार्य गायत्री परिवार जिस गति से कर रहा है उसकी जितनी प्रशंसा की जाय कम है, मांस और मदिरा में डूबे रहने वाले जन जातीय समाज के लोग धर्मांतरण से बचने गायत्री परिवार से जुडक़र अपने जीवन को उन्नत बना रहे हैं, सनातन को कमजोर करने वाले लोगों से बचकर नशा मुक्ति अभियान से जुडक़र अधिक से अधिक लोगों को जागरण करने का कार्य गायत्री परिवार कर रहा है।

अंत में विराट धार्मिक आयोजन में बुलाने आभार व्यक्त किया और छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ जनता की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच पर क्षेत्र के सांसद रूप कुमारी चौधरी, क्षेत्रीय राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व सासंद चंदूलाल साहू, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल ,सरला केसरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। 

सायं कालीन कार्यक्रम के दौरान 50 हजार से अधिक लोगों के समक्ष प्रज्वलित 11000 दीपकों गरियाबंद के गांधी मैदान में दीपावली का वातावरण नजर आया और एकबार फिर ये धार्मिक नगरी गरियाबंद अपने आप में गौरवान्वित हुआ। सुबह से देर रात तक चल रहे विशाल भंडारे में रविवार को 50 हजार से अधिक लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।


अन्य पोस्ट