गरियाबंद

धान खरीदी शुरू, अब तक धान का उठाव नहीं
11-Dec-2024 2:29 PM
धान खरीदी शुरू, अब तक  धान का उठाव नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 11 दिसंबर।
14 नवम्बर से सभी खरीदी केंद्रों में धान खरीदी शुरू तो हो गई है, लेकिन अब तक धान का उठाव नहीं हुआ है। लगभग सभी खरीदी केन्द्रों में 15 से 20 प्रतिशत तक खरीदी हो चुकी है और काफी मात्रा में धान का जमाव भी बढ़ता जा रहा है। हालात यह है कि जगह की कमी होने के कारण आगामी दिनों में खरीदी बंद होने की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा खरीदी केन्द्रों में धान में सुखत आने पर शॉर्टज एवं धान के चोरी होने का भी खतरा है। वहीं मौसम में भी फेर बदल देखने को मिल रहा है। दो दिन पहले ही गरियाबंद में हल्की वर्षा भी हुई थी। अब तो खरीदी प्रभारियों में भी इसे लेकर चिंता दिखाई दे रही है। 

जिला सहकारी बैंक शाखा गरियाबंद से प्राप्त जानकारी के अनुसान बीते कुछ दिनों में गरियाबंद में अबतक 1340118.80 तक की धान खरीदी हो चुकी है, पर धान का उठाव सिर्फ 8.25 फीसदी ही हो पाया है। बता दे कि इसमें मुख्य रूप से गरियाबंद जिला के देवभोग ब्लॉक में सबसे ज्यादा धान का उठाव किया गया है। बाकी केंद्रों में नहीं के समान उठाव हुआ है, और कुछ केंद्रों में तो धान का जमाव बढ़ता जा रहा है पर धान का उठाव अब तक शुरू नहीं हुआ है। 

उठाव न होने से खरीदी प्रभारी चिंतित है। इनका कहना है कि धान खरीदी होने के बाद नियमानुसार 72 घण्टे के भीतर धान का उठाव करना होता है। लेकिन माह भर बीतने को है और कुछ खरीदी केंद्रों को छोड़ दे तो अभी तक खरीदी केन्द्रों से धान का उठाव शुरू ही नहीं हुआ है ऐसे में सभी खरीदी केन्द्रों में धान के स्टेग भरने की स्थिति निर्मित हो गई है और जल्द उठाव न होने पर धान रखने की भी समस्या सामने आएगी। इसके अलावा एक समय के बाद धान में सुखत भी आती है जिससे धान का वजन कम होगा और परिवहन के समय शॉर्टज भी हो सकता है। साथ ही खरीदी केन्द्रों में धान चोरी का भी भय बना रहता है। इन सब परिस्थितियों को देखते हुए धान के उठाव को लेकर खरीदी प्रभारी चिंतित नजर आ रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट