गरियाबंद

कलेक्टर ने 10 दिन के भीतर दूसरी बार किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
24-Sep-2024 4:54 PM
कलेक्टर ने 10 दिन के भीतर दूसरी बार किया जिला अस्पताल का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 24 सितंबर। कलेक्टर 10दिनों के भीतर दूसरी बार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए मरीजों का हाल चाल जाना, अस्पताल परिसर को व्यवस्थित रखने के दिए निर्देश। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सजग एवं गंभीर कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने 10 दिन के भीतर दूसरी बार पुन: जिला अस्पताल गरियाबंद का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने अस्पताल के एनआरसी कक्ष, नवजात शिशु निगरानी ईकाई, दवाई स्टोर रूम, विभिन्न वार्डों, ड्रेसिंग कक्ष, ओटी एवं अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों से जिला अस्पताल में प्रदान किए जा रहे स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पिछले सप्ताह निरीक्षण के दौरान दिये गये निर्देशों का पालन सुनिश्चित कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिये। साथ ही परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बनाये रखने तथा मरीजों के लिए उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने एनआरसी वार्ड में जाकर गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की ईलाज की सुविधा एवं भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही भर्ती बच्चों को दिये जाने वाले भोजन एवं पोषण आहारों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने एनआरसी कक्ष के रसोई घर में भी जाकर खाद्यान्न सामग्रियों की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की जांच की।


अन्य पोस्ट