गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 अगस्त। गरियाबंद जिले के पांडुका वन परिक्षेत्र में एक लंबा अजगर सांप निकल आया। अजगर को देखकर किसानों और ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। अजगर सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सांप करीब 10 फीट लंबा और भयानक था। ग्रामीणों ने सर्प मित्र का बुलाकर सांप का रेस्क्यू किया गया और जंगल में ले जाकर छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार पांडुका परिक्षेत्र के ग्राम तौरेंगा में एक अजगर सांप अचानक निकल आया और गांव में गलियों में घूमते पाया गया। अजगर सांप को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सांप इतना लंबा था कि उसे लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सर्प मित्र को दी। जिसके बाद सर्प मित्र पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर अजगर को पकड़ लिया गया और प्लास्टिक बोरी में रखकर जंगल में ले जाकर छोड़ा गया। अजगर का वजन 15 किलो से भी ऊपर होने की बात कही जा रही है।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है जीव-जंतु का खतरा
उल्लेखनीय है कि बारिश के मौसम में जीव-जंतु और सांपों का खतरा बढ़ जाता है। ये खतरनाक जीव-जंतु घरों में भी घुस जाते है। खासकर ये समस्या पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए होती है। जब बिलों में पानी भर जाता है, तो ये जीव-जंतु बाहर आने लगते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए अलग-अलग जगहों में बसने लगते हैं। इसलिए इन सांपों से सुरक्षित रहना जरूरी है। अगर कहीं पर भी खतरनाक सांप दिखता है। तो उसकी सूचना वन विभाग टीम या सर्प मित्र को देनी चाहिए।


