गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 8 दिसंबर। राजिम विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक रोहित साहू को मंत्री बनाने की मांग अब जोर पकडऩे लगी है। क्षेत्र के उनके समर्थकों, शुभचिंतकों के साथ ही ग्रामीणों ने भी ईश्वर की शरण में आराधना करके रोहित साहू को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से मंत्री बनाने आग्रह किया है।
इसी तारताम्य में राजिम स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में उनके समर्थकों व भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से रोहित साहू के मंत्री बनने की कामना की। पूजन में प्रमुख रूप से शीतल सिन्हा, मोहनीश सिंह ठाकुर, शक्ति ठाकुर, यश कहार, सागर सिंह, राजपुर अमन कहार, सुभाष कहार, जिनेद्र वैष्णव, सत्यम कहार, दुष्यंत साहू, यश कुमार साहू शामिल हुए एवं पूजन आचार्य सौरभ मिश्रा द्वारा संपन्न किया गया। इसी प्रकार ग्राम जेंजरा में महिलाओं और बुजुर्गों द्वारा शिव मंदिर में पूजा पाठ कर रोहित साहू को मंत्री बनाने के लिए कामना किए।
सभी ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश अलग होने के बाद तीन बार भाजपा के विधायक इस क्षेत्र में बने हैं तथा चार बार भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी है लेकिन दुर्भाग्यजनक रूप से एक बार भी राजिम के विधायक को मंत्रीमंडल में स्थान नहीं मिला है। हम सब भाजपा नेतृत्व से आग्रह करते हैं कि रोहित साहू को मंत्रीमंडल में स्थान देकर राजिम की गरिमा को बढ़ाएं तथा यहाँ की जनता व कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊँचा करें। इस अवसर पर निलेश्वरी साहू, दिलीप साहू, सुकालू तारक, हरि साहू, हरसू साहू, रोहित साहू, गिरजा साहू,चंदू वर्मा, चमरू साहू आदि उपस्थित थे।