गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 5 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में भाजपा नेे 54 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस शानदार जीत पर भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की जनता को धन्यवाद दिया है। श्री अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा के बृजमोहन अग्रवाल, राजिम विधानसभा के रोहित साहू, अभनपुर के इंद्र कुमार साहू सहित भाजपा के सभी 54 विजयी प्रत्याशी को बधाई दी है। उन्होंने कहा प्रदेश की जनता कांग्रेस के 5 साल के कुशासन से ऊब चुकी थी। इसलिए उसने परिवर्तन का मन बना लिया था। छत्तीसगढ़ की जनता ने मोदी की गारंटी पर भारोसा जताया है और भाजपा को बहुमत के साथ सत्ता तक पहुंचाया है।
भाजपा नेता श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने प्रधानमंत्री के महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को साल में 12000 रुपए देने की, 450 रुपये में गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं पर विश्वास किया है। आम जनता कांग्रेस की भ्रष्टाचार नीति, वादा खिलाफी से नाराज थी और उन्होंने प्रदेश में स्वच्छ प्रशासन के लिए अपना मत भाजपा को दिया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को कांग्रेस जैसी भ्रष्टाचार, लूट और वादाखिलाफी वाली सरकार नहीं चाहिए। उन्हें स्वच्छ प्रशासन चाहिए जो जनता के हित में काम कर सके और प्रदेश का विकास कर सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी होती है। राज्य की जनता को नेताओं के दावे, घोषणाएं और खैरात देने का वादा मायने नहीं रखता। छत्तीसगढ़ प्रदेश में जो भ्रष्ट्राचार हुआ है, चाहे वह सरकार का शराब घोटाला हो, कोयला घोटाला हो या पीएससी भर्ती घोटाला हो, इस तरह के भ्रष्ट्राचार के कारण जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल किया है।