गरियाबंद

धूमधाम से मनी विजयादशमी, रावण दहन के साथ लगे जय जय राम के नारे
25-Oct-2023 3:04 PM
धूमधाम से मनी विजयादशमी, रावण दहन  के साथ लगे जय जय राम के नारे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 25 अक्टूबर।
मंगलवार को जिला मुख्यालय गरियाबंद में असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय में दो अलग अलग स्थानों में दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया था। रावनभाठा में नगर पालिका प्रशासन तथा गांधी मैदान में दशहरा उत्सव समिति के तत्वाधान में राहन दहन हुआ। रावन दहन के बाद लोगों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को याद किया और काफी देर तक जय श्रीराम के गगनभेदी नारे भी लगाए।

इसके पहले दशहरा को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग रावनभाठा में नगर के नागरिकों महिला पुरुषों बच्चों के साथ एकत्रित हो पारम्परिक रूप से अंचल के प्रमुुख देवी देवताओं की पूजा अर्चना और राम-रावन युध्द के नाटकीय प्रदर्शन के बाद देर शाम सात बजे यहां रावन दहन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन सहित सभी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पालिका उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सोनटेके ने रावन दहन किया। जिसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष मेमन और उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनटेके ने नगरवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी।

इसके ठीक कुछ देर बाद नगर के गांधी मैदान में भी रावन दहन हुुआ। लोग रावनभाठा के बाद सीधे गांधी मैदान पहुॅचे। यहां दशहरा उत्सव समिति के तत्वाधान में देर रात 8:30 बजे रामलीला कार्यक्रम के बाद करीब 20 फीट ऊॅचे रावन के पुतले के दहन किया गया। जिसके बाद करीब 20 मिनट तक आतिशबाजी भी की गई। मौके पर भगवान श्रीराम के जयकारे भी लगाए गए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में दशहरा उत्सव समिति के ओम राठौर, लीलाराम सिन्हा, बीरू यादव, महेन्द्र राजपुत, राजेश साहू, गफ्फु मेमन, प्रकाशचंद रोहरा, रितिक सिन्हा, मनोज खरे, विनय दासवानी, अजय रोहरा, अजय दारवानी, हरीश भाई ठक्कर, डिगेश साहू, मुकेश रामटेके, बाबा सोनी, वीरेंद्र सेन, वसंत मिश्रा, सुरेश मानिकपुरी, लोकेश्वर चौहान, अवध राम यादव, गैंदलाल सिन्हा, डिगेश्वर देवांगन तथा पार्षद वंश गोपाल सिन्हा, विष्णु मरकाम, नीतू देवदास, रिखिराम यादव, विमला साहू, प्रह्लाद ठाकुर, छगन यादव, अश्वनी वर्मा, केषनाथ साहू, आकाश तिवारी, भूपेंद्र कश्यप का योगदान रहा।

शांति व्यवस्था को लेकर तैनात रही पुलिस

इधर, जिला मुख्यालय में रावन दहन के अवसर पर शांति व्यवस्था को लेकर शाम से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल, एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक, थाना प्रभारी कृष्णा जांगड़े के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात थे, जिसके चलते कार्यक्रम शांति के साथ सफल हुआ।


अन्य पोस्ट