गरियाबंद

सुआ नृत्य से दमका नदी का सांस्कृतिक मंच
10-Feb-2023 2:19 PM
सुआ नृत्य से दमका नदी का सांस्कृतिक मंच

राजिम, 10 फरवरी। माघी पुन्नी मेला मे गुरूवार को सांस्कृतिक मंच क्र. 2 में अलग-अगल विधा के कार्यक्रमों ने दर्शकों से झूमने के लिए मजबूर कर दिया। वेशभूषा में छत्तीसगढ़ की परम्परा और संस्कृति मंच पर दमक रही थी। भोथली कुरूद के देवेन्द्र सेन ने रामायण प्रस्तुत किया। इन्होंने बालकाण्ड के राम जन्म प्रसंग पर कहा कि राम का जन्म ही राक्षसों का नाश होने का करण बना। राम जन्म को लेकर न सिर्फ आयोध्या के लोग बल्कि तीनों लोक अत्यंत प्रसन्न हुए। अभनपुर के मोहितराज सिन्हा ने लोकमंच पर छत्तीसगढ़ी गीतों की लगातार प्रस्तुति दी। माटी से जुड़े गीत ने धूम मचा दी।

परसवानी कुरूद के गरीमा नेताम ने सुआ नृत्य के द्वारा महिलाओं के मार्मिक चित्र मंच पर ला दिया। चुटकी की चुट-चुट जैसे ही दर्शकों के कानों पर पड़े तालियों की आवाज से दर्शक दीर्घा गूंज उठा। नवापारा के हरिशंकर साहनी ने सांई भजन झांकी जगराता पर धार्मिक भजनें पेश की। भाठागांव अभनपुर के ओमप्रकाश मानिकपुरी ने जसगीत झांकी की प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी। इस मौके पर बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित होकर कार्यक्रम का आनंद लिए। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र पंत एवं मनोज सेन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक प्रभारी पुरूषोत्तम चन्द्राकर, किशोर निर्मलकर, सुखेन्द्र साहू, शीतल चौबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
 


अन्य पोस्ट