गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन करते हुए राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा, नई राह और बदलते दृष्टिकोण की वजह से नारी आज एक शक्ति के रुप में उभर रही है। नारी आज के बदलते परिवेश में जिस तरह पुरुष वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रगति की ओर अग्रसर हो रही है, वह समाज के लिए एक गर्व और सराहना की बात है। आज राजनीति, टेक्नोलोजी, सुरक्षा समेत हर क्षेत्र में जहां-जहां महिलाओं ने हाथ आजमाया उसे कामयाबी ही मिली।
अब तो ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां आज की नारी अपनी उपस्थिति दर्ज न करा रही हो और इतना सब होने के बाद भी वह एक गृहलक्ष्मी के रूप में भी अपना स्थान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि भारत में नारी को देवी का स्वरूप माना जाता है, तो वहीं दूसरी तरफ आए दिन कोई नवजात लडक़ी सडक़ के किनारे या कूड़ेदान में मृत मिलती है। हालांकि एक खास दिन को मना लेने मात्र से महिलाओं का विकास नहीं हो जाएगा।
यह दिवस आपको हर वर्ष यह सोचने पर मजबूर करता है कि, आप महिलाओं के प्रति अपनी सोच बदलें और हर वर्ष इस दिन खुद को आंके कि आखिर महिलाओं के लिए पूरे वर्ष आपने क्या किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए कुछ करने का अर्थ यह नहीं कि कुछ अलग और खास करें। आप अपने आस-पास कि महिलाओं को सम्मान दें, उनके विचारों को भी तवज्जोह दें। वह महिला आपकी माता, बहन, पत्नी, सहकर्मी कोई भी हो सकती है।