गरियाबंद

राजिम, 6 मार्च। नगर के पंडित रामबिशाल पांडेय शास. उच्च. माध्य. विद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य पर विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य बीएल धु्रव, व्याख्याता आरके यादव द्वारा माँ शारदा व चन्द्रशेखर वेंकट रमन के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप-प्रज्ज्वलन कर किया। व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2022 के विषय ‘‘सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी में एकीकृत दृष्टिकोण’’ के आधार पर विज्ञान व प्रौद्योगिकी संबंधी व्याख्यान, विज्ञान आधारित प्रयोग, मॉडल का प्रदर्शन किया गया।
व्याख्याता आरके यादव ने अपने आधुनिक जीवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की निरंतर बढ़ती महत्ता को इंगित करते हुए छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया। व्याख्याता सागर शर्मा ने भारत के शीर्ष वैज्ञानिकों की जीवनी का स्वरचित मनमोहक काव्य के माध्यम से वाचन किया और उनके गुणों को चरितार्थ करने की प्रेरणा दी। व्याख्याता कमल सोनकर ने डॉ. सीवी रमन तथा महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के संघर्षपूर्ण जीवन एवं विज्ञान के क्षेत्र में किए उल्लेखनीय अविष्कारों की जानकारी प्रदान की। व्याख्याता गोपाल देवांगन द्वारा छात्रों के समक्ष रमन प्रभाव की विस्तृत व्याख्या एवं भारतीय वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम, हरगोविंद खुराना, जेसी बोस आदि के महत्वपूर्ण अविष्कारों का वर्णन किया गया। वर्कशॉप में व्याख्याता गायकवाड़ द्वारा विज्ञान टेक्नोलॉजी से संबंधित प्रयोग, मॉडल व कार्यविधि का प्रदर्शन तथा वायुदाब, कार्बनडाई ऑक्साइड, घनत्व, उत्प्लावन बल संबंधी प्रयोग का सराहनीय प्रदर्शन मयंक पटेल, लक्ष्मण निषाद, रूपेश देवांगन, देवेन्द्र निषाद आदि छात्रों ने किया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक एजी गोस्वामी, व्यायाम शिक्षिका शिखा महाडिक़, पीएल ठाकुर, सहा. शिक्षिका अंजू मार्कण्डेय, शिक्षक एनएल साहू, नेतराम साहू ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।