मनोरंजन
मुंबई, 31 मार्च| अभिनेत्री रवीना टंडन ने बुधवार को भारत की कानून प्रणाली के बारे में सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने कहा है कि हमारे देश में कानून बहुत कमजोर हैं और ज्यादातर मामलों में अभियुक्त को दोषी नहीं ठहराया जाता। शिकारियों और दुष्कर्मियों को फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने अवैध शिकार के साथ ही दुष्कर्म जैसे अपराधों के बारे में भी चिंता व्यक्त की और इस तरह के दुराचारियों के लिए मृत्युदंड की मांग की।
रवीना ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा, "इस महामारी के समय में अवैध शिकार एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। हमारे कानून और सजाएं भी कमजोर हैं। हमारी कानूनी व्यवस्था ऐसी है कि ज्यादातर मामलों में अभियुक्त को दोषी नहीं ठहराया जाता है।"
इसके साथ ही रवीना ने यह भी कहा कि शिकारियों और दुष्कर्म करने वालों को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।
मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल की आग के बारे में पोस्ट करने के कुछ मिनट बाद अभिनेत्री का यह ट्वीट सामने आया।
रवीना ने एक अन्य ट्वीट में जंगल में आग लगने वाली घटना पर अपने विचार रखे और ग्लोबल वार्मिग पर चिंता भी जाहिर की। उन्होंने जंगल की आग के पीछे एक कारण के बारे में बात करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिग विनाश है।
रवीना ने कहा, हालांकि कुछ सीमित जंगल की आग इको चक्र के उत्थान के लिए स्वाभाविक है, लेकिन यह नियंत्रण से बाहर है। उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए यह भी कहा कि "हम तेजी से अपने वन्यजीवों के आवास खो रहे हैं।" (आईएएनएस)


