दुर्ग
खाद की कमी को लेकर भी सदस्यों ने जताई नाराजगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 जुलाई। निजी उद्योगों में काम करने वाले बहुत से मजदूरों को कोरोना काल का वेतन अब तक नहीं मिला है। जिला पंचायत उद्योग एवं सहकारिता समिति की बैठक में सदस्यों ने यह मुद्दा जोर शोर के साथ उठाया. वहीं बैठक में सदस्यों ने खाद की कमी को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी रिवेंद्र यादव ने बैठक में कहा कि बोरई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित क्रेस्ट स्टील में कोरोना काल का पैसा मजदूरों को अब तक नहीं मिला है और न ही उद्योग चालू हुआ है।
ऐसी स्थिति में अन्य उद्योग वाले इन मजदूरों को अपने यहां काम पर नहीं रख रहे हैं। ऐसे में मजदूर कहां जाएंगे। उन्होंने उद्योग विभाग के अधिकारियों को कहा कि मजदूरों की समस्या का तत्काल समाधान निकाला जाए। श्रीमती यादव ने बोरई रसमड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कहां-कहां औद्योगिक जमीन है और कितने में उद्योग लगे हैं तथा कहां औद्योगिक जमीन अभी और खाली है. इस संबंध में भी जानकारी मांगी। सभापति आकाश कुर्रे की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में सदस्यों ने यूरिया खाद की किल्लत का मुद्दा भी उठाया. इस पर अधिकारियों ने बताया कि एक-दो दिन में खाद का रेक आ जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र से ही यूरिया कम आ रहा है। इस पर सदस्यों ने कहा कि जल्द ही डिमांड भेजकर किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध कराई जाए।
इसी प्रकार जिला पंचायत संचार संक्रमण स्थाई समिति की बैठक समिति के सभापति पुष्पा यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में सदस्य दुर्गा कमलेश नेताम ने झाड़मोखली-औसर मार्ग में सडक़ निर्माण के 3 साल में ही ध्वस्त हो जाने का मुद्दा उठाते हुए सडक़ निर्माण की जांच किए जाने की मांग की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि जिले भर में बहुत सारी सडक़ों का निर्माण इन दिनों चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सडक़ों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने निर्देश दिए। साथ ही खारून नदी पर बन रहे पुल निर्माण में भी गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के ईई की गैरमौजूदगी पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की।