दुर्ग

पावरग्रिड में राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता
23-Nov-2026 10:22 PM
पावरग्रिड में राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 23 नवंबर। ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता-2026 का आयोजन पावरग्रिड के 400/220 केवी रायपुर उपकेंद्र, कुम्हारी में किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और रचनात्मकता के माध्यम से ऊर्जा दक्षता का संदेश देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पावरग्रिड के मुख्य महाप्रबंधक (परिसंपत्ति प्रबंधन), पश्चिमी क्षेत्र-1 रजनीश तिवारी थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय विद्यालय संगठन, रायपुर की उपायुक्त सोमा घोष और क्रेडा के वरिष्ठ परियोजना समन्वयक निहार रंजन साहू उपस्थित रहे। पावरग्रिड रायपुर उपकेंद्र के वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं छत्तीसगढ़ राज्य नोडल अधिकारी आरपी साहू ने अतिथियों का स्वागत किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं और बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार विषयों पर चित्रों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। मुख्य अतिथि तिवारी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ भविष्य में करियर के अवसर भी प्रदान करती हैं। विशिष्ट अतिथियों ने ऊर्जा संरक्षण को राष्ट्रीय विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक बताया।

प्रतियोगिता के विजेता

ग्रुप-ए (कक्षा 5 से 7) में डीपीएस रिसाली, दुर्ग की पाखी भगत ने प्रथम, सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, रायगढ़ के दक्षित कुमार सिंह ने द्वितीय और सेंट प्राइवेट अकादमी, मनेंद्रगढ़ की आराध्या सोंढी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप-बी (कक्षा 8 से 10) में सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, रायगढ़ के प्रिंस पटेल प्रथम, ओपी जिंदल स्कूल, खरसिया की आद्या तिवारी द्वितीय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायगढ़ के विशाल प्रधान तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का समापन पावरग्रिड नागपुर के प्रबंधक (मानव संसाधन) अरविंद टोप्पो के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट