दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 जुलाई। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर परीक्षाओं के सभी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इन सभी परीक्षाओं में परीक्षार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है।
यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी.एल. देवांगन ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर परीक्षाओं के अंतिम परिणाम घोषित करने की लक्ष्य निर्धारित तिथि 15 जुलाई थी. इससे 1 दिन पूर्व ही विश्वविद्यालय द्वारा आज समस्त 60 परिणाम घोषित कर दिए गए। विश्वविद्यालय द्वारा जारी सेमेस्टर परीक्षा परिणामों में एम.ए. समाजशास्त्र प्रथम सेमेस्टर में 94 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहें, जबकि एम.ए. हिन्दी तृतीय सेमेस्टर में 97 प्रतिशत तथा एम.ए. अर्थशास्त्र प्रथम सेमेस्टर में 93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की। जारी अंतिम परिणामों में पीजीडीसीए तथा डीसीए के परीक्षा परिणाम शामिल थे। कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी को समय पर सेमेस्टर परीक्षा के पूर्ण परिणाम घोषित करने पर बधाई देते हुए कहा कि हम सभी को इसी प्रकार वार्षिक परीक्षा के परिणामों की घोषणा की तैयारी करनी होगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के लगभग 18 लाख से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं में से 17 लाख 60 हजार उत्तर पुस्तिकाएं विश्वविद्यालय को प्राप्त हो चुकी है। इन उत्तरपुस्तिकाओं के संग्रहण एवं उन्हें विशेषज्ञ मूल्यांकन कर्ताओं को प्रदान करने हेतु कुलपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय परिसर में दो संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं।
सेमेस्टर परीक्षाओं के पूर्ण परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब विश्वविद्यालय वार्षिक परीक्षाओं के परीक्षा परिणामों को शीघ्र घोषित करने का प्रयास करेगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणामों को तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा के पश्चात विश्वविद्यालय द्वारा अगस्त के अंतिम सप्ताह में स्नातकोत्तर सेमेस्टर कक्षाओं के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर तथा अन्य स्नातक कक्षाओं के सेमेस्टर परीक्षा का आयोजन प्रस्तावित है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन शीघ्र निर्णय लेकर परीक्षा संबंधी समय सारिणी जारी करेगा।