दुर्ग

जीर्णोद्धार के अभाव में ढाई हजार एकड़ में नहीं हो पा रही है सिंचाई, दो बार हो चुका है टेंडर
14-Jul-2021 5:41 PM
जीर्णोद्धार के अभाव में  ढाई हजार एकड़ में नहीं हो पा रही है सिंचाई, दो बार हो चुका  है टेंडर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 जुलाई। धमधा क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों की जीवनदायिनी सोनबरसा डायवर्सन के जीर्णोद्धार का काम एग्रीमेंट के अभाव में अटक गया है। जीर्णोद्वार के अभाव में रूपांकित क्षमता के अनुसार लगभग ढाई हजार एकड़ में वर्तमान में सिंचाई ही नहीं हो पा रही है। सोनबरसा डायवर्सन को लगभग 22 करोड़ की लागत से पुनर्जीवित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए दो बार टेंडर भी हो चुका है।

सोनबरसा डायवर्सन के जीर्णोद्धार कार्य की स्वीकृति गत वर्ष सितंबर माह में मिल चुकी है। इसके पश्चात उक्त कार्य के लिए दो बार टेंडर भी हो चुका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहली बार के टेंडर में 7 लोगों ने आवेदन किया था, मगर इनमें से किसी ने भी कार्य के लिए एग्रीमेंट नहीं किया। इसी प्रकार दूसरी बार भी टेंडर में 4 लोगों का आवेदन आया है, मगर अब तक इसके जीर्णोद्धार कार्य के लिए एग्रीमेंट नहीं हो पाया है, जिसकी वजह से सोनबरसा डायवर्सन के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। गौरतलब है कि सोनबरसा डायवर्सन जीर्णोद्धार के लिए कुल 21 करोड़ 67 लाख 36 हजार रुपए की मंजूरी मिली है। उक्त डायवर्सन के जीर्णोद्धार हो जाने के पश्चात 3000 एकड़ प्यासी धरती की प्यास बुझेगी। सोनबरसा डायवर्सन योजना की ऊंचाई बढ़ाकर नहरों का जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य किया जाना है, जिससे इसके रूपांकित क्षमता के ढाई हजार एकड़ क्षेत्र जहां पानी नहीं पहुंच पा रही है. वहां भी पानी पहुंचने लगेगी। साथ ही जीर्णोद्धार के पश्चात शेष बचे जल से लगभग 500 एकड़ अतिरिक्त भूमि की भी सिंचाई होगी।

जानकारी के मुताबिक लगभग 50 वर्ष पूर्व सोनबरसा नाले पर इस डायवर्सन का निर्माण किया गया था, तब इसकी डिजाइन 11179.75 हेक्टेयर की थी मगर वर्तमान में मात्र 400 एकड़ में ही इससे सिंचाई हो पा रही है। सोनबरसा डायवर्सन योजना के तहत 18.3 किलोमीटर एवं माइनर नहर को मिलाकर 35 किलोमीटर लंबी नहर बनाई गई थी, जिससे दर्जनभर ग्रामों में सिंचाई की व्यवस्था की जानी थी, मगर नहर पट जाने की वजह से योजना लगभग दम तोडऩे लगी है। योजना का काम पूरा होने से धमधा क्षेत्र के ग्राम मोहंदी, जोगी गुफा, सेमरिया, बड़े पुरदा, नवागांव, करेली, बोरी, डोमा, पथरिया, छोटे पुरदा, परसदा आदि गांवों के हजारों किसान लाभान्वित होंगे। जीर्णोद्धार कार्य स्वीकृत होने पर इस साल के खरीफ सीजन तक किसानों को इससे लाभ मिलने की बात कही गई थी, मगर एग्रीमेंट के अभाव में अब तक कार्य ही शुरू नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट