दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 जुलाई। कोरोना काल में दिक्कतों का सामना कर रहे पशुपालकों को गोबर खरीदी से काफी राहत मिली थी। दूध की उचित कीमत नहीं मिलने एवं पशुचारा की बढ़ती कीमतों के चलते निराश पशुपालकों के चेहरे में इससे खुशी की चमक लौट आई थी, मगर 6 माह से गौठानों में गोबर खरीदी बंद होने से उनकी दिक्कतें फिर बढ़ गई है। दाना चारा का खर्च नहीं उठा पाने की वजह से कुछ पशुपालक अपनी गाय को बेचना भी शुरू कर दिए हैं।
बरहापुर निवासी जमुना वर्मा बताते हैं कि उन्होंने एक माह में 25000 रुपए का गोबर गौठान में बेचे थे। उनका कहना है कि गोबर खरीदी से सब किसान एवं पशुपालक खुश थे। गोबर बेचकर वे पशु के लिए चारे के साथ-साथ मजदूर का खर्च निकाल लेते थे। दूध की पहले से ही उचित कीमत नहीं मिल रही है। ऐसे में गोबर खरीदी बंद हो जाने से पशुपालन अब फिर मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 22 गाय थी। गोबर खरीदी बंद हो जाने के कारण इन गायों के लिए चारे की व्यवस्था करना उनके लिए मुश्किल हो गया था, इसलिए इनमें से 5 गायों को उन्हें बेचना पड़ा। धमधा निवासी कृषक विश्राम सिंह पटेल का कहना है कि कोरोना काल के बाद दूध की भी बिक्री नहीं हो पा रही है। वहीं पशु चारे की कीमत भी बहुत बढ़ गई है। गोबर खरीदी की योजना से दूध एवं गोबर बिक्री कर पशु चारे के लिए पैसा आने लगा था। उन्होंने बताया कि हर माह वे 9000 रुपए की गोबर बेच लेते थे, मगर गोबर खरीदी बंद हो जाने के कारण वे अब पशुओं को बेचने का विचार कर रहे हैं।
बोड़ेगांव निवासी कृषक रवि प्रकाश ताम्रकार का कहना है कि उनके पास 15 भैंस, 14 गाय एवं दर्जन भर बछड़े हैं। उनका कहना है कि 6 माह से गोबर खरीदी बंद है। पशुपालकों के पास हजारों किलो गोबर इकट्ठा हो गया है। वह हर माह 30000 का गोबर बेच लेते थे। उनका कहना है कि कोरोना काल में पशुपालकों की दिक्कतें बढ़ गई है। दूध का भी कोई लेने वाला नहीं है। 3 फेट का दूध 20 रुपए लीटर के हिसाब से कंपनी वाले खरीदते हैं और कंपनी का दूध 50 रुपए लीटर में बेचते हैं।
बाहर भी दूध नहीं लेने की वजह से मजबूरी में उन्हें कंपनी वालों के पास दूध बेचना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति में पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। गोबर खरीदी से कुछ राहत मिल रही थी, जिसे गौठान में जगह नहीं है कहकर गोबर खरीदी बंद कराए थे जो कि आज तक बंद है। ग्राम रवेली निवासी पशुपालक लोमेश यादव का कहना है कि उनके पास 13 गाय एवं भैंस है. 6 माह से गोबर खरीदी बंद है। ऊपर का आदेश है बोलकर गोबर खरीदी नहीं की जा रही है। हर माह गोबर बेचकर वे 15000 रुपए कमा लेते थे, मगर गोबर खरीदी बंद हो जाने के बाद अब इन पशुओं के लिए चारा का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि तत्काल गोबर खरीदी शुरू की जाए।
डांडेसरा में गोबर खरीदी मामले में कार्रर्वाई के बाद से पंचायत सचिव भी डरे हुए हैं। उनकी माने तो गोबर बह जाने पर सरपंच सचिव एवं गौठान समिति पर वसूली की तलवार लटकती है। कई गौठानों में खरीदे गए गोबर के लिए पर्याप्त वर्मी टांके का अभाव है। जिसकी की वजह से भी गोबर खरीदी बंद होने की बात कही जा रही है। वहीं गोबर खरीदी के उपरांत वर्मी बनाने का कार्य समूह आधारित है। अनेक ग्रामों में समूह निष्क्रिय होने की भी बात कही जा रही है, जिसकी वजह से समय में गोबर वर्मी टांके में डालकर वर्मी निकालने का कार्य भी नहीं हो पा रहा है।
दुर्ग जनपद सीईओ जे.एस. राजपूत का कहना है कि लोग गोबर लेकर गौठानों में नहीं आ रहे हैं इसलिए गोबर खरीदी नहीं हो पा रही है। उन्होंने माना कि 6 माह से गोबर खरीदी बंद है। इनमें लॉकडाउन के बीच दो माह खरीदी बंद थी। उनका कहना है कि गोबर खरीदी करने का निर्देश है लोग गोबर लेकर आएंगे तो उसे खरीदेंगे।