दुर्ग

बिना नंबर एवं नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर जुर्माना
11-Jul-2021 5:01 PM
बिना नंबर एवं नशे में वाहन चलाने  वाले चालकों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 जुलाई। 
यातायात पुलिस द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले, बिना नंबर वाहन चालकों, तेज गति से वाहन चलाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की  है। उक्त कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा स्वयं एवं यातायात के सभी जोन  प्रभारियों द्वारा अपने-अपने जोन क्षेत्र में अभियान चलाकर की गई। इसके तहत कुल 121 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। 

उप पुलिस अधीक्षक यातायात ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी। जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल को आमजन द्वारा स्पीड बाइकर्स द्वारा तेज वाहन एवं तेज हॉर्न बजाते हुए गाड़ी चलाने की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने यातायात के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कविलाश टंडन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक गुरजीत सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा 2 दिनों से ऐसे वाहन चालकों पर नजर रखी गई। पुलिस ने मॉडिफाइड बाइक सैलेंसर, स्टंट बाईकर्स, तेज रफ्तार बाइकर्स, बिना नंबर की वाहन, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले आदि चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इसके तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 23 मॉडिफाइड अमानक साइलेंसर लगी  29 वाहन चालकों वर स्पीड में वाहन चलाने वाले 11 एवं बिना नंबर के 58 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कविलाश टंडन ने कहा कि लोगों को चाहिए कि शराब के नशे में वाहन न चलाएं एवं अपने बच्चों को वाहन मॉडिफाइड करके वाहन चलाने न दे, तेज रफ्तार वाहन चलाने से मना करें। यातायात पुलिस वाहनों को जप्त करने की कार्रवाई कर रही है।

यातायात पुलिस द्वारा जीई रोड जिला अस्पताल के पास नो पार्किंग में रखे वाहनों को जब्त किया। देर शाम इंदिरा मार्केट इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास भी बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई और वाहनों को उठाकर जब्त किया गया।  
 


अन्य पोस्ट