दुर्ग
मर्ग, शिकायत अपराध, मुलाहिजा रजिस्टर का अवलोकन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 6 जुलाई। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाने का रखरखाव, साफ-सफाई, दस्तावेज का रखरखाव एवं मामलों की बेहतर जानकारी एवं कार्य अच्छे स्तर का पाये पाए जाने पर थाना प्रभारी उतई नवी मोनिका पांडे को 500 कैश रिवार्ड पुलिस अधीक्षक के द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप दिया गया। उन्हें और अच्छे कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
एसपी ने कर्मचारियों से उनकी समस्याओं के बारे में जाना और निराकरण के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया। इसी तारतम्य में शहर के थाना सुपेला का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सुपेला थाना के लंबित शिकायतों को लेकर थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा विवेचकों के अपराध के डायरियों को तलब कर अवलोकन किया गया। जिसमें एएसआई करण सोनकर को कमजोर विवेचना एवं कार्य में लापरवाही एवं निम्न स्तर का पाए जाने से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया।
थाना प्रभारी सुपेला को थाने की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने हेतु निर्देशित किया गया। थाना सुपेला के समस्त कर्मचारियों से रूबरू होकर ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उन्होंने निराकरण हेतु आश्वासन दिया। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय धु्रव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनंत कुमार उपस्थित थे।