दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमधा, 5 जुलाई। नगर पंचायत वार्ड 7 प्रतीक्षा बस स्टैंड पर सामुदायिक शौचालय एवं स्नानागार का हाल-बेहाल है। स्थानीय प्रशासन द्वारा शौचालय सहित मूत्रालय की सफाई व्यवस्था नहीं होने से काफी बदबू फैला रहा है, जो कि गंभीर बीमारी को निमंत्रण दे सकता है।
लोगों का कहना है कि स्वच्छता के तहत पूरे नगर में जहां साफ सफाई व्यवस्था होनी चाहिए, जो बिल्कुल ही नहीं हो पा रही है। शौचालय के आसपास गंदगी का आलम है, नालियां जाम है। शौचालय नियमित सफाई नहीं होने से बस स्टैंड के रहवासी एवं व्यापारी काफी परेशान हैं।
स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि नियमित सफाई करवाएं, अन्यथा संक्रामक बीमारी फैलने से कोई नहीं रोक सकता। लगातार तीन-चार दिनों से बेमौसम बारिश होने से पूरे बस स्टैंड परिसर में बदबू फैला है। नगर के विभिन वार्ड के नालियां जाम अवस्था में पड़े हुए हैं।
लोगों का कहना है कि बीते 4 माह पूर्व अनुविभागीय आधिकारी एवं स्थानीय नगर पंचायत द्वारा स्टेट हाइवे मुख्य मार्ग के दोनों तरफ की नालियां अतिक्रमण की चपेट में है, कहकर लगातार सडक़ दुर्घटना होने का हवाला देकर अतिक्रमण हटाई गई थी।
बीते 4 माह से नालियां अभी तक सफाई नहीं हुई है, जिससे मक्खियां, कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, बदबू भी फैल रही है। स्थानीय प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है। धमधा नगर में काफी समय से सफाई व्यवस्था ठप है। स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि बारिश को देखते हुए नगर को स्वच्छ साफ सुथरा रखें, तभी मॉडल नगर पंचायत का दर्जा मिल पाएगा।