दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 जुलाई। स्वाभिमान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूरन छाबडिय़ा ने भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के विरुद्ध विभिन्न श्रम संगठनों के नेतृत्व में किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन में पुलिस प्रशासन द्वारा लाठी चार्ज करने की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
श्री छाबडिय़ा ने जारी बयान में कहा कि पुलिस प्रशासन राज्य सरकार के अधीन है जबकि भिलाई इस्पात संयंत्र केंद्र सरकार के अधीन आता है। शांतिपूर्ण तरीके से कर्मचारियों की मांगों को लेकर आंदोलन करना नियमानुसार एक संवैधानिक प्रक्रिया का अंग है। लोकतंत्र में स्पष्टता और कठोरता के साथ अपनी मांगों को रखना और आंदोलन करने का अधिकार संविधान प्रदान करता है। भिलाई में होने वाली इस घृणित घटना से न सिर्फ राज्य सरकार बल्कि केंद्र सरकार का भी चरित्र उजागर हो गया है। संयंत्र प्रबंधन अपने ही कर्मचारियों के विरुद्ध षड्यंत्र कर रहा है। पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर इस प्रकार से शांतिपूर्ण भिलाई के आंदोलन पर लाठी चार्ज किया जाना प्रबंधन की अक्षमताओं को सिद्ध करता है। भिलाई जैसे जाने-माने राजनीतिज्ञ और समाजविदों के क्षेत्र में हुई ऐसी घटना पर स्वाभिमान पार्टी विरोध व्यक्त करती है। पार्टी अपेक्षा करती है कि आंदोलनकारियों को उनका हक अवश्य मिलेगा और उनकी मांगे भी स्वीकार की जाएंगी।