दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 जुलाई । छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय लहरे के नेतृत्व में गुरुवार को जिलाधीश के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम पर डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल को 1 जुलाई 2019 से 1 जुलाई 2021 को देय लंबित मंहगाई भत्ता के 4 किश्तों का प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को शीघ्र भुगतान कर मंहगाई से राहत प्रदान करने हेतु ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ छग प्रदेश के शासकीय सेवकों को 1 जुलाई 2019 से मंहगाई भत्ता का भुगतान नहीं किए जाने से प्रदेश के लोक सेवक मंहगाई भत्ते के 4 किश्तों से वंचित है. इसके फलस्वरूप प्रदेश के कर्मचारियों को प्रतिमाह मंहगाई के मूल्य सूचकांक के आधार पर 5000 रुपए की आर्थिक क्षति हो रही है. छत्तीसगढ़ राज्य में कार्यरत केन्द्र सरकार के कर्मचारी 1 जुलाई 2019 से 17 प्रतिशत मंहगाई भत्ता प्राप्त कर रहे हैं. वहीं राज्य सरकार के कर्मचारी उसी मंहगाई, उसी बाजार में 12 प्रतिशत मंहगाई भत्ता प्राप्त कर केन्द्रीय कर्मचारियों से 5 प्रतिशत कम प्राप्त करने के कारण क्रय शक्ति में कमी होने के कारण बेतहाशा मंहगाई से जूझ रहे है। इस संबंध में केन्द्रीय नेतृत्व मनु सिंधवीं ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि लंबित मंहगाई भत्ते का शीघ्र भुगतान किया जावे।
ज्ञापन सौंपने वालों में विजय लहरे, सीपी साहू, सीके पटले, अशोक ओझा, कुबेर सिंह, हर्षवर्धन श्रीवास्तव, नवीन गुप्ता, धर्मेन्द्र देशमुख, जीएस रावना, दिनेश वावनेकर, अशोक दिल्लीवार उपस्थित थे।