दुर्ग
दुर्ग, 2 जुलाई। बीती रात पद्मनाभपुर में एक घर के सामने खड़ी महिंद्रा जायलो कार में आग लग गई। इसकी जानकारी कार मालिक ने तुरंत सेक्टर 6 कंट्रोल रूम को दी। वहां पर तैनात अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर पानी एवं फोम की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया। पद्मनाभपुर चौकी पुलिस इस मामले में असामाजिक तत्वों का हाथ होने की संभावना मानते हुए जांच में जुट गई है।
बीती रात लगभग 1 बजे पद्मनाभपुर निवासी प्रशांत कुमार पाटीदार के घर के सामने उनकी खड़ी महिंद्रा जायलो कार क्रमांक सीजी 07 ए एल 0002 में आग लग गई। आग लगते ही कार मालिक सहित आसपास के लोग एकत्र हो गए और इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाया। अग्निशमन दल के कर्मी एफ प्रवीण बारा, पराग भोंसले, मोहन राव, नगर सैनिक हीरामन की आग बुझाने में विशेष भूमिका रही।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों के भीतर ही दुर्ग क्षेत्र में लगातार आगजनी की घटना हो रही है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को ग्राम पीसेगांव थाना पुलगांव में एक किसान के घर के पास रखें 15 एकड़ के पैरावट में अचानक आग लग गई थी। इसी तरह कुछ दिन पूर्व पंडित रविशंकर स्टेडियम के पास आजाद गैरेज के सामने खड़ी वैगनआर में आग लग गई थी। इन सभी आगजनी की घटना में आग पर नियंत्रण करने अग्निशमन दल की टीम ने अहम भूमिका निभाई थी। दो जगह पर आधी रात में कार में आग लगने की घटना को पुलिस शरारती तत्वों का हाथ मानते हुए जांच कर रही है।