दुर्ग

मिनीमाता चौक पुलगांव से अंडा तक 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनेगा
01-Jul-2021 7:11 PM
 मिनीमाता चौक पुलगांव से  अंडा तक 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन बनेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 1 जुलाई। दुर्ग से बालोद जाने वाली सडक़ का चौड़ीकरण किए जाने के प्रस्ताव को प्रशासकीय मंजूरी के बाद अब पोल शिफ्टिंग व वृक्षों की कटाई का सर्वे किया जा रहा है। बारह  किलोमीटर से अधिक लंबी इस सडक़ को फोरलेन बनाया जा रहा है। जिसके लिए हाल ही में टेंडर जारी किया गया है। फोरलेन बनाने में 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पुलगांव स्थित मिनीमाता चौक से अंडा से आगे बालोद सीमा के प्रारंभ तक फोरलेन किया जाएगा।

वर्तमान में यह सडक़ सिंगल लेन है। यातायात का भारी दबाव इस सडक़ पर बना रहता है। इस वजह से सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत दुर्ग शहर व इसकी सीमा से लगे सडक़ों का उन्नयन किया जा रहा है।

पिछले दिनों लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू द्वारा पुलगांव मिनीमाता चौक से अंडा तक बनने वाले फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन किया गया था। उसके बाद से ही प्रक्रिया में तेजी आई है। जानकारी के मुताबिक फोरलेन बनाने टेंडर जारी किया जा चुका है, जो एसओआर से 22 प्रतिशत बिलो बताया गया है। वैसे इस सडक़ की वास्तविक लंबाई 12।3 किलोमीटर होगी तथा शासन द्वारा इस पर 100 करोड़ 34 लाख का बजट प्रावधान किया गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार फोरलेन पर 1।6 मीटर चौड़ी डिवाइडर बनाई जाएगी। इसके दोनों ओर 9।5 मीटर चौड़ी डामर रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 1।5 मीटर चौड़ी पटरी तथा 1 मीटर चौड़ाई का ड्रेनेज भी होगा।


अन्य पोस्ट