दुर्ग
दुर्ग, 1 जुलाई। पति को कहीं पर काम धंधा करने की बात कहने से नाराज आरोपी ने गुस्से में पत्नी की हत्या कर दी। काम करने की बात को लेकर मारपीट करने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी की चुनरी से गला घोट कर हत्या कर दी। आरोपी को सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल की कोर्ट ने आजन्म कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सत्येंद्र सिंह ठाकुर ने पैरवी की थी।
ग्राम खोपलीडीह थाना उतई निवासी देवकुमार बारले पिता शिव कुमार बारले कोई काम धंधा नहीं करता था। इस बात को लेकर उसकी पत्नी उसे घर परिवार चलाने के लिए कहीं काम करने की बात करती थी। इससे आरोपी अपनी पत्नी संध्या बारले से हमेशा लड़ाई झगड़ा करता था। 15 अक्टूबर 2019 को संध्या अपने पति के साथ अपने मायके मिनीमाता नगर नेवई आई हुई थी, तब उसने परिवार वालों को बताया था कि उसका पति उसे मारपीट करता है। 19 अक्टूबर 2019 को आरोपी का अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ। जब मारपीट होने लगी, तब संध्या की बहनें मारपीट को छुड़ाने लगी। इस दौरान गुस्साए आरोपी पति ने अपनी पत्नी संध्या को दौड़ाते हुए कमरे के अंदर लेकर गया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद चुनरी को उसके गले में लपेट दिया और जोर से खींच दिया। इससे संध्या की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। आरोपी घटना को अंजाम देने का भाग निकला था।