दुर्ग

तय समय सीमा में काम पूरा नहीं, सब इंजीनियर को नोटिस
30-Jun-2021 6:49 PM
तय समय सीमा में काम पूरा नहीं, सब इंजीनियर को नोटिस

कलेक्टर ने मांगा स्पष्टीकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 30 जून।
अमृत मिशन के कार्यों में तय समय सीमा के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। इस वजह से निगम के सब इंजीनियर भीम राव से कलेक्टर ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। 

विदित हो कि अमृत मिशन के कार्यों को पूरा करने कलेक्टर ने मई 2020 की समय सीमा निर्धारित की थी। साल भर गुजर जाने के बाद भी 10 फीसदी से ज्यादा कार्य बाकी है।  अमृत मिशन के कार्यों की मनमानी इस तरह व्याप्त है कि शहर के कई वार्डों की नालियों के मध्य से राइजिंग व डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन डाली गई है।  ऐन वक्त पर आयुक्त हरेश मंडावी की नजर ऐसे पाइप लाइनों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पाइप लाइनों को दुरूस्त करने कहा है। 

ज्ञात हो कि अमृत मिशन प्रोजेक्ट में 146।10 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। अब तक 107 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। शहर में पाइप लाइन बिछाने के साथ-साथ 31 हजार नल कनेक्शन भी दिए गए हैं। 6 में से 4 पानी टंकियों का निर्माण किया जा चुका है। गंजपारा व 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट के पानी टंकी का निर्माण जारी है।  ट्रांसपोर्ट नगर, हनुमान नगर, गिरधारी नगर व पुलगांव में पानी टंकी बनाई जा चुकी है।  

कलेक्टर ने कहा है कि राइजिंग व डिस्ट्रीब्यूशन के पाइप लाइन नालियों के मध्य से डाल दिया गया है। इससे जलभराव की स्थिति बन रही है। इसके साथ ही पाइप लाइन का पेयजल दूषित होने की संभावना है। जिससे जलजनित रोग डेंगू, पीलिया आदि से जनता प्रभावित हो सकती है। नालियों व पुलियों में कचरा फंस रहा है। सडक़ों पर पानी भर रहा है। इस संबंध में कलेक्टर ने सब इंजीनियर को दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। 

 


अन्य पोस्ट