दुर्ग

कोरोना की तीसरी लहर की आशंका, ब्लॉक मुख्यालय में पर्याप्त इंतजाम करें
20-Jun-2021 9:00 PM
 कोरोना की तीसरी लहर की आशंका, ब्लॉक मुख्यालय में पर्याप्त इंतजाम करें

   अफसरों की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 20 जून।
कोविड एवं अन्य मामलों में जिन किसानों की मौत हुई है और फौती उठाने के आवेदन आए हैं उन्हें प्रक्रिया अनुसार शीघ्रता शीघ्र हल किया जाए ताकि किसानों को खाद बीज लेने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

 यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। डॉ. भुरे ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से तहसीलों का कार्य प्रभावित हुआ है अब कोर्ट खुल गए हैं तो तेजी से लंबित प्रकरण निपटाए। 2 साल से अधिक के प्रकरणों को प्रमुखता से निपटारा करें। उन्होंने कहा कि रोज निपटाए गए प्रकरणों की संख्या उस दिन आये प्रकरणों से अधिक होनी चाहिए। इससे धीरे-धीरे राजस्व प्रकरणों की लंबित संख्या में कमी आएगी। कलेक्टर ने कहा कि नामांतरण, पट्टे तथा त्रुटि सुधार संबंधी सभी आवेदनों पर प्रमुखता से कार्य किया जाए। रजिस्ट्री प्रक्रिया को स्ट्रीमलाइन किया जाए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी का काम अभी शुरू होगा, गिरदावरी का कार्य पारदर्शी तरीके से होना चाहिए क्योंकि गिरदावरी से आने वाले आंकड़े से खेती किसानी के बारे में अहम जानकारी प्रशासन को उपलब्ध होती है। कलेक्टर ने कहा कि रिकॉर्ड दुरुस्ती का काम भी बेहद अहम कार्य है। अन्य कार्यों को करने के साथ ही इसके कार्यों में भी तेजी लाएं। कोरोना के तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए ब्लाक मुख्यालयों में इसकी बेहतर व्यवस्था की मॉनिटरिंग के निर्देश भी एसडीएम को उन्होंने दिए। उन्होंने कहा कि ब्लाक मुख्यालयों के अस्पतालों में वेंटिलेटर, बच्चों के लिए वार्मअप मशीन तथा बच्चों के संक्रमण से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

 


अन्य पोस्ट